गुरुग्राम। सेक्टर-99ए स्थित एक निर्माणाधीन भवन में मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव सुबह लिफ्ट के लिए बनाई गई शाफ्ट में मिला। परिजनों ने बिल्डर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान यूपी के बिजनौर के जालपुर गांव निवासी प्रभाकर के रूप में हुई है। सेक्टर-10 थाना की सेक्टर-93 पुलिस चौकी मामले की जांच कर रही है। प्रभाकर रात में बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर सो रहे थे। सुबह साथी मजदूरों ने उसे लिफ्ट की शाफ्ट में मृत पड़ा देखा। उसके माथे पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि नींद में या शौच के लिए उठने के दौरान वह गलती से शाफ्ट में गिर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। संवाद