सेक्टर 37सी में कोरोना ऑप्टस के पास अधूरे नाले पर काम शुरू। संवाद
सड़क के साथ बीच में करीब 150 मीटर का मिसिंग लिंक था
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-37सी में मास्टर रोड के साथ कई साल से अधूरे पड़े बरसाती नाले का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कोरोना ऑप्टस सोसाइटी के पास करीब 150 मीटर के मिसिंग लिंक को पाइपलाइन बिछाकर पूरा किया जा रहा है। इसके बनने से बरसाती पानी की निकासी बेहतर होगी और सड़क पर जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सेक्टर-37सी और सेक्टर-37डी को विकसित किया था। इन सेक्टरों की मुख्य सड़क के दोनों ओर बने बरसाती नालों की हालत खराब है। फुटपाथ के नीचे बने नाले कई जगह क्षतिग्रस्त हैं। वहीं, जमीन संबंधी विवादों के कारण कुछ स्थानों पर नालों का आपस में जुड़ाव नहीं हो पाया है। इससे बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित होती है। कोरोना ऑप्टस सोसाइटी के पास करीब 150 मीटर लंबे नाले का निर्माण कई साल से अधूरा था। अब इस हिस्से को कंकरीट का नाला बनाने के बजाय पाइपलाइन बिछाकर पूरा किया जा रहा है। इससे बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था को जोड़ने में मदद मिलेगी। जीएमडीए के अनुसार इस कार्य के साथ फुटपाथ को भी बेहतर किया जाएगा।