अंडर- 14, 17 और 19 बालक वर्ग के लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक और कराटे स्पर्धा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-49 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में डीएवी क्लस्टर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें सेक्टर-49 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने सात पदक जीते। प्रतियोगिता में लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक और कराटे की स्पर्धाएं अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की गईं। इसमें डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-49, सेक्टर-14, सेक्टर-10ए और भोंडसी के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
लॉन टेनिस में डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-49 की अंडर-14 बालक टीम ने स्वर्ण पदक जीता। विजेता टीम में आठवीं के रचित, सातवीं के परीक्षित, छठी के मानविक और पांचवीं के जिवेश शामिल रहे। वहीं अंडर-14 बालक एकल वर्ग में रचित ने रजत पदक हासिल किया।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक टीम ने रजत पदक हासिल किया, जबकि अंडर-17 बालक टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर खिताब अपने नाम किया। व्यक्तिगत स्पर्धा में अंडर-14 बालक वर्ग में श्लोक राणे ने रजत पदक और अंडर-17 बालक वर्ग में अधिराज रोहिल्ला ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देती हैं तथा उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करती हैं।