गुरुग्राम। तेलंगाना में आयोजित बीडब्ल्यूएफ तेलंगाना इंटरनेशनल चैलेंज बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में जिले के बैडमिंटन खिलाड़ी भारत राघव ने रजत पदक अपने नाम किया है। व्यक्तिगत स्पर्धा में खेलते हुए भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल तक का सफर तय किया। खिताबी मुकाबले में उनका सामना कर्नाटक के खिलाड़ी से हुआ। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा।
भारत राघव ने बताया कि फाइनल के पहले राउंड में उन्हें 21-14 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दूसरा राउंड 21-18 से अपने नाम किया। तीसरे राउंड में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर हुई, लेकिन भारत 21-19 से मुकाबला जीतने से चूक गए। इस तरह बेहद करीबी मुकाबले में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत ने कहा कि स्वर्ण पदक नहीं जीत पाने का मलाल है, लेकिन अपने खेल और प्रदर्शन से वह संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से मुझे काफी कुछ सीखने को मिला है। अब आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने का प्रयास करूंगा।