भारत-पाकिस्तान के बीच होगा पहला मुकाबला, खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। रविवार से शुरू हो रहे महिला टी-20 क्रिकेट विश्व कप को लेकर जिले की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह है। 14 जून को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा।।क्रिकेट अकादमियों में अभ्यास के दौरान खिलाड़ी भारतीय टीम की जीत को लेकर चर्चा करती नजर आईं।
महिला क्रिकेटरों ने कहा कि भारत-पाक के बीच मुकाबला सिर्फ मैच नहीं बल्कि करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की भावनाओं से जुड़ा मुकाबला होता है। ऐसे बड़े टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देते हैं। खासकर महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाते हैं।
राज्य स्तरीय खिलाड़ी बोले-
भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा रोमांच से भरपूर होता है। भारतीय महिला टीम पिछले कुछ वर्षों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। हमें उम्मीद है कि टीम इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। -राखी
विश्व कप जैसे बड़े मंच पर खेलने का सपना हर क्रिकेटर देखता है। भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी आज देशभर की लड़कियों के लिए प्रेरणा हैं। भारत पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत करेगा। -कृतज्ञ
पिछले कुछ वर्षों में महिला क्रिकेट का स्तर ऊंचा उठा है। महिला क्रिकेट को मिलने वाली लोकप्रियता से नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है। -संजना
ऐसे मुकाबले देखने के बाद हमें भी देश के लिए खेलने का मन करता है। जिले की कई युवा खिलाड़ी भारतीय महिला टीम की कप्तान और वरिष्ठ खिलाड़ियों को अपना आदर्श मानती हैं। -अनन्या राऊत