- मुंह दबाकर दी धमकी आरोपी की पुलिस कर रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले के चांदहट थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। चांदहट थाना प्रभारी सुंदरपाल के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि घटना उस समय की है जब उसके पति और सास किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। वह घरेलू काम निपटाने के बाद चारपाई पर आराम कर रही थी। इसी दौरान गेट पर किसी ने दस्तक दी। पीड़िता ने घूंघट में दरवाजा खोला तो सामने पड़ोस में रहने वाला मुकेश खड़ा था। उसने पूछा कि घर में कोई है क्या। पीड़िता ने हाथ के इशारे से मना किया और वापस अंदर जाने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि तभी आरोपी जबरन उसके पीछे-पीछे घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। जब उसने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने रुमाल से उसका मुंह दबा दिया और धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह फांसी लगाकर जान दे देगा। आरोपी ने महिला के साथ हाथापाई करते हुए उसका हाथ मरोड़ा, थप्पड़ मारा और फिर मौके से भाग गया। घटना से घबराई पीड़िता ने सबसे पहले अपनी सास को फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इसके बाद उसने अपने भाई को कॉल कर पूरी घटना की जानकारी दी। भाई तुरंत मौके पर पहुंचा और पीड़िता से पूछताछ की, जिस पर उसने मुकेश की करतूत के बारे में बताया। पीड़िता की शिकायत पर चांदहट थाना पुलिस ने नामजद आरोपी मुकेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी मौके से फरार हो गया है।