आधार कार्ड में दर्ज दिल्ली के पते पर ही बनेगा पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी से दिल्ली आवागमन करने वाली महिलाओं को एक जुलाई से डीटीसी बसों में सफर के लिए टिकट खरीदना होगा। दिल्ली सरकार ने डीसीटी बसों में पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की पात्र महिलाओं को मुफ्त सफर के आदेश जारी किए हैं। जिन महिलाओं के पास यह स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, वे महिलाएं डीटीसी बस में मुफ्त सफर नहीं कर सकेंगी। दिल्ली सरकार के आदेशानुसार, सिर्फ दिल्ली के आधार कार्ड पर ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाया जाएगा।
दिल्ली के उत्तम नगर, बदरपुर बॉर्डर, धौला कुआं, करोल बाग, नजफगढ़ से गुरुग्राम बस अड्डा तक डीटीसी बसें चलती हैं। इन बसों में रोजाना सुबह से शाम तक हजारों की संख्या में महिलाएं गुरुग्राम-दिल्ली के बीच सफर करती हैं। एक जुलाई से महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होने से गुरुग्राम से दिल्ली तक आवागमन करने वाली महिलाओं को डीटीसी बसों में सफर करने के लिए टिकट लेना पड़ेगा।
डीटीसी बसों में महिलाओं का मुफ्त सफर खत्म होने के बाद गुरुग्राम से दिल्ली आवागमन करने वाली महिलाओं को किराये के लिए ढाई से तीन हजार रुपये खर्च करने होंगे। इससे कामकाजी महिलाओं के साथ ही दिल्ली यूनिवर्सिटी व कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं पर भी आर्थिक बोझ बढ़ेगा। डीटीसी बसों में चढ़ते समय महिलाओं को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन पर टैप करना होगा। अगर कोई किसी महिला के पास कार्ड नहीं हैं तो उसे परिचालक को तय किराया देकर टिकट खरीदना होगा।