अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक हादसा हो गया। इस हादसे में दिल्ली निवासी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की वजह एक कार के ड्राइवर द्वारा गलत दिशा में लापरवाही से कार को दौड़ाना रहा, जिससे दूसरी ओर से आ रही कार से टक्कर हो गई ।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 9 बजे दिल्ली नंबर की स्विफ्ट डिजायर कैब खेड़की दौला की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दूसरी ओर से गलत दिशा से आ रही स्विफ्ट गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने दोनों कारों से घायलों को निकाला और निकट के अस्पतालों में पहुंचाया। दिल्ली निवासी मोनिका आर्या (55 वर्षीय) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पुलिस ने इस संबंध में गलत दिशा में दौड़ानेे वाले कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि करीब एक सप्ताह पहले सोहना रोड हाइवे पर गलत दिशा कार चलाने के कारण एक स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई थी।