तावड़ू। सदर थाना क्षेत्र में केएमपी टोल प्लाज़ा सोहना-तावडू रोड के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार व्यक्ति घायल हो गया।
शिकायतकर्ता जावेद 19 अप्रैल को अपनी सास रहीमन को मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने गांव की ओर जा रहा था। सुबह करीब 11:30 बजे जब वे केएमपी टोल प्लाजा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और इसी दौरान ट्रक का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जावेद को भी गिरने से चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू की है।