गुरुग्राम। सेक्टर-47 स्थित ओयो होटल के कमरे में संदिग्ध हालात में महिला की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लेकिन अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जिसमें डॉक्टरों ने विसरा जांच के लिए लैब में सैंपल भेज दिया। सदर थाना प्रभारी निरीक्षक बसंत कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। होटल संचालक से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात को पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि सेक्टर-47 के प्लॉट नंबर-209 में ओयो टाउन हाउस होटल के कमरा नंबर-403 में महिला ठहरी हुई है और काफी समय से दरवाजा नहीं खोल रही। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दरवाजे को धक्का मारकर खोला गया।
कमरे के अंदर 30 वर्षीय महिला के पैर बेड पर मिले जबकि मुंह नीचे फर्श पर टिका हुआ था। पुलिस जांच में महिला की पहचान भिवानी निवासी सुनयना के रूप में हुई जो गुरुग्राम में बीते छह माह से कार शोरूम में काम कर रही थी। वह एक पीजी में अकेली रह रही थी। पुलिस ने मोबाइल के जरिए मृतका की मां और पति भिवानी निवासी मुकेश को दी।
पुलिस ने मंगलवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मेडिकल बोर्ड की ओर से फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉक्टर पवन ने बताया कि महिला के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी, लिहाजा उसका विरसा सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिया गया। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के मुताबिक, करीब 10 वर्ष पहले महिला का मुकेश के साथ परिवार की मर्जी पर प्रेम विवाह हुआ था। मुकेश भिवानी में पकड़ की दुकान पर नौकरी करता है उनका एक 9 वर्ष का बेटा भी है। पति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सुनयना भिवानी में एक हुंडई के शोरूम में सेल्सगर्ल थी। करीब छह माह पहले वह गुरुग्राम स्थित कार शोरूम में नौकरी के लिए आई थी। वह गुरुग्राम के एक पीजी में रहती थी। वह 15 दिन में अपने घर चली जाती थी। इस संबंध में ओयो कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले की जांच चल रही है। हम कानूनी अधिकारियों को इनकी जांच में पूरा सहयोग प्रदान करेंगे।
शनिवार से परिवार का फोन नहीं उठा रही थी सुनयना
पति ने बताया कि पिछले हफ्ते सुनयना भिवानी आई थी तब उनकी बात हुई थी, इसके बाद सुनयना की मां शनिवार से उसे फोन कर रही थी, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। बेटे ने भी कई बार फोन करके मां से बातचीत करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने बात नहीं की। परिजनों का आरोप है कि सुनयना कई दिनों से परेशान थी, हालांकि उसने किसी से यह बात नहीं की। पुलिस इस संबंध में उसके दफ्तर में भी पूछताछ कर रही है।
सुनयना ही करवाए थे होटल में दो कमरे बुक
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला सुनयना ने अपने मोबाइल से ओयो एप के जरिए रविवार को दो कमरे बुक करवाए थे। एक रूम में वह थी जबकि दूसरे कमरे में दो युवक थे। सुनयना ने होटलकर्मियों से पानी की बोतल और गिलास भी मंगवाए थे। दोनों युवक सोमवार सुबह चार बजे होटल से चले गए थे, लेकिन महिला कमरे में ही रूकी रही। सोमवार को कमरे का दरवाजा नहीं खोलने पर होटल कर्मियों को शक हुआ तो उन्होंने प्रबंधक को सूचित किया। इस पर पुलिस को फोन कर बुलाया गया। पुलिस ने होटल रिकॉर्ड के आधार पर दोनों युवकों को बुलाकर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक उसके सहकर्मी रहे हैं।