बैनामा करने के नाम पर अग्रिम राशि के रूप में ली गई रकम
रजिस्ट्री नहीं कराई, पीड़िता ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन निवासी एक महिला से प्राॅपर्टी डीलर द्वारा प्लाॅट बेचने के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। बैनामा करने के नाम पर अग्रिम राशि के रूप में यह रुपये लिए गए। इसके बाद रजिस्ट्री नहीं कराई गई। महिला की शिकायत पर राजेंद्रा पार्क थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
विष्णु गार्डन निवासी रजनी अस्थाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अक्तूबर 2021 में ओएलएक्स पर प्लाॅट का विज्ञापन देखा। संपर्क करने के बाद प्राॅपर्टी डीलर दीपक पांडेय के माध्यम से वह प्लाॅट देखने पहुंचीं। आरोप है कि प्लाॅट पसंद आने पर डीलर ने बैनामे के लिए अग्रिम राशि के रूप में साढ़े चार लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। साथ ही दो लाख रुपये प्लाॅट की मालिक व एक अन्य महिला के खाते में भिजवाए।
महिला ने कहा कि प्राॅपर्टी डीलर ने कभी भी प्लाॅट के मालिक से नहीं मिलवाया, उसने खुद ही सारी डील की। जब रजनी ने इकरारनामा की काॅपी मांगी तो डीलर ने लक्ष्मण विहार स्थित दफ्तर से लेने के लिए कहा। करीब एक महीने बाद रजनी के पास दस दिनों के भीतर प्लाॅट की रजिस्ट्री कराने के लिए लीगल नोटिस आया, जब उन्होंने इस बाबत डीलर को फोन किया तो उसने ठीक से बात नहीं की। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। महिला ने अप्रैल 2023 में पुलिस आयुक्त से इस मामले की शिकायत की। मंगलवार को थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।