-पालतू कुत्ते के काट लेने पर बढ़े विवाद में पड़ोसी के सिर पर रॉड मारने का था आरोप, आठ माह से पुलिस गिरफ्त से बाहर थी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
फरीदाबाद। पालतू कुत्ते के काट लेने पर बढ़े विवाद में पड़ोसी के सिर पर रॉड मारकर हत्या करने की आरोपी महिला को नवीन नगर चौकी पुलिस ने कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
फरीदाबाद के रोशन नगर निवासी रुखसाना ने 30 जून को पुलिस चौकी नवीन नगर में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया था कि 29 जून को शाम के समय जब वह ड्यूटी से अपने घर आने लगी तो सीढ़ियों पर पड़ोसी भरत के कुत्ते ने उनके पैर में काट लिया। जब वह चिल्लाई तो पति मोहम्मद आजाद अंसारी (31) और पड़ोसी भरत और पत्नी पिंकी आ गए। उनके पति ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान वह बीचबचाव करने आईं तो भरत ने रुखसाना के दोनों हाथ पकड़ लिए। आरोप है कि पिंकी ने पति के सिर पर लोहे के पाइप से कई वार किए। घटना में घायल उनके पति आजाद अंसारी की पांच दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद से महिला पिंकी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि नवीन नगर चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक हर्षवर्धन और उनकी टीम ने मूलरूप से शास्त्री नगर कानपुर और वर्तमान में रोशन नगर फरीदाबाद निवासी पिंकी उर्फ प्रिया को कानपुर से गिरफ्तार किया। वह भरत के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। पिंकी पिछले आठ माह से इस मामले में फरार थी। पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। मामले में आरोपी भरत को 3 जुलाई 2024 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।