तीन दिन पहले ही साहिब कुंज में किराये पर रहने आए थे दंपति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। साहिब कुंज में कहासुनी होने पर मंगलवार को पति ने सिलेंडर से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान गुंजन के रूप में हुई है। बजघेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार हुए आरोपी की पहचान बिहार के जिला समस्तीपुर के कांचा गांव निवासी सुनील के रूप में हुई है।
मकान मालिक रामबिलास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया 20 मार्च को सुनील को किराये पर कमरा दिया था। उसी कमरे पर सुनील का जीजा जीवन रहता था। जीवन के कहने से ही कमरा दिया गया था। सोमवार को जीवन कमरे पर आया था और अगले दिन मंगलवार को सुनील की पत्नी गुंजन का शव खून से लथपथ कमरे में पड़ा हुआ मिला था।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी एसआई मुकेश ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी के साथ कहासुनी हुई थी। इसी बात को लेकर उसने सिलेंडर से हमला करके हत्या कर दी। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड में आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि आरोपी का जीजा भी इस वारदात में शामिल है या नहीं।