बीएस-3 और बीएस-4 डीजल वाहनों को एक नवंबर से नहीं मिलेगा दिल्ली में प्रवेश
डीजल से चलने और बीएस-4 तकनीक वाली हैं गुरुग्राम डिपो की छह वॉल्वो बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक नवंबर से बीएस-3 और बीएस-4 डीजल वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं मिलेगा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के आदेशों के बाद गुरुग्राम से चंडीगढ़ रूट पर चलने वाली रोडवेज विभाग की वॉल्वो बसों के पहिए भी रुक सकते हैं। क्योंकि इस रूट पर संचालित गुरुग्राम डिपो की सभी छह वॉल्वो बसें डीजल और बीएस-4 तकनीक वाली हैं। आदेशों के बाद वॉल्वो बसों का संचालन रुकने से गुरुग्राम व इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से चंड़ीगढ़ आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी होगी। इससे गुरुग्राम बस डिपो के रोजाना लगभग चार लाख रुपये का राजस्व भी प्रभावित होगा।
गुरुग्राम बस डिपो प्रबंधन की ओर से हरियाणा परिवहन विभाग को पत्र लिखकर दिल्ली में बीएस-4 डीजल बसों के संचालन संबंधी वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के आदेशों से अवगत कराया है। विभाग की ओर से ही इसके बारे में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण की रोकथाम के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के आदेशानुसार एक नवंबर से केवल सीएनजी, इलेक्ट्रिक और डीजल की बीएस-6 बसों व अन्य वाहनों के संचालन की ही अनुमति होगी। यह नियम निजी बसों पर भी लागू होगा।
वर्ष-2019 में आई थी वॉल्वो बसें
गुरुग्राम डिपो के बेड़े में वर्ष-2019 में बीएस-4 तकनीक वाली छह नई वॉल्वो बसें शामिल हुई थी। इन बसों को चंड़ीगढ़ रूट पर संचालित किया जा रहा है। यह बसें गुरुग्राम बस अड्डा से रवाना होकर दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट और आईएसबीटी बस अड्डा होते हुए चंडीगढ़ पहुंचती हैं। वॉल्वो बसों में 51 यात्री सीट हैं और गुरुग्राम से चंडीगढ़ का किराया 798 रुपये और दिल्ली से चंडीगढ़ का किराया 698 रुपये हैं। वॉल्वो बसों में अधिकतर यात्री ऑनलाइन टिकट ही बुक करते हैं और वे यात्री एयरपोर्ट या आईएसबीटी से चंडीगढ़ के लिए आवागमन करते हैं।
वर्जन
एक नवंबर से लागू होने वाले वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के आदेशों के बारे में हरियाणा परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। अधिकारियों की ओर से ही इस संदर्भ में आगामी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यालय की ओर से जो दिशा-निर्देश होंगे, उसी अनुसार कार्य किए जाएंगे। -
प्रदीप कुमार अहलावत, महाप्रबंधक, गुरुग्राम बस डिपो।