संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होगी। इसके िलए अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सभी पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में खाद्य एवं पूर्ति विभाग की एसीएस सुमिता मिश्रा ने कहा कि मंडियों में 26 मार्च से शुरू हुई सरसों तथा 1 अप्रैल से शुरू होने वाली गेंहू की खरीद के दृष्टिगत किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए।
वह राज्य के समस्त उपायुक्तों को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहीं थीं। उन्होंने कहा कि मंडियों में निर्बाध बिजली, शौचालय, साफ-सफाई और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने एसीएस सुमिता मिश्रा को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले की सभी मंडियों में खरीद प्रक्रिया के सभी उचित प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में तीन हजार 118 मीट्रिक टन सरसों की सरकारी खरीद हो चुकी है। सरकार की ओर से सरसों की फसल का 5 हजार 650 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से रेट निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त गेहूं की खरीद का कार्य आगामी एक अप्रैल से शुरू किया जाएगा। नूंह, फिरोजपुर-झिरका, पुन्हाना और तावडू की मंडियों में सरसों की खरीद की जा रही है। इसके अलावा जिला में अनाज के उठान व भंडारण के लिए भी पर्याप्त इंतजामात किए गए हैं। फसल खरीद का कार्य पूरी पारदर्शिता से किया जा रहा है। बैठक के उपरांत उपायुक्त ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जिला की सभी मंडियों का निरीक्षण करें और वहां सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। इसके साथ ही संबंधित एसडीएम मंडियों का दौरा कर वहां पर खरीद प्रक्रिया के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने बताया कि अबकी बार गेहूं की अधिक आवक होने की संभावना है, इसलिए गेहूं के उठान व भंडारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बारदाने व लिफ्टिंग के कार्य की समूचित व्यवस्था होनी चाहिए।