-सदर बाजार में हो रही है खूब खरीदारी, छोटे बड़े दुकानदारों को इस सीजन से उम्मीदें
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शादियों का सीजन की धूम शहर के बाजारों में नजर आ रही है। सदर बाजार में साड़ियों से लेकर ज्वेलरी और एक्सेसरीज की दुकानों में खूब भीड़ है। कुछ दुकानों ने चांदनी चौक की तर्ज पर एथनिक वियर के कलेक्शन रखें हैं। होल सेल कीमतें भी खरीदारों को लुभा रही है। शादी में प्रयोग किए जाने वाले सजावटी कलश, लकड़ी से बनी चीजें, नोटों की माला, साड़ियों के फॉल, बुटिक वालियां की मांंग है। सदर बाजार के परिधान विक्रेता नितिन अग्रवाल ने बताया कि गरारा, गाउन आदि के अलावा परंपरागत कांजीवरम, बनारसी, घाटचोला, बांधनी आदि की साड़ियों की नई खेप आई है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए कोरा, टिश्यू भी पसंद की जा रही है।
लाइटवेट सेट और डायमंड ज्वेलरी की मांग
सदर बाजार और गोल्ड सूक के स्वर्ण विक्रेताओं ने बताया कि अक्षय तृतीया को लेकर जो ऑफर अभी जारी हैं। सोने की कीमत ज्यादा है मगर शादियों को लेकर खरीदारी खूब है।व्यापारी डॉ. मंदीप किशोर गोयल ने बताया कि दिखने में भड़कीले मगर वजन में हल्के सेट आए हैं।
गोल्ड सूक एसोसिएशन के अनुसार एक ब्रांड ने अपने हीरों की ब्रांड का शो रूम अलग से शुरू किया है। जहां वेडिंग सीजन को लेकर मंगलसूत्र, रिंग, नेकलेस सेट आदि की खरीदारी भी हो रही है। गोल्ड सूक के मैनेजर मनोज पुनिया ने बताया कि अक्षय तृतीया जैसी ही भीड़ मॉल में है।