एक-दो दिन बाद फिर से मौसम शुष्क बनेगा, जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पिछले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी के बाद बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज कुछ नरम पड़ा। दोपहर बाद बादल छाने शुरू हो गए। शाम के समय पुराने गुरुग्राम में बूंदाबांदी हुई वहीं डीएलएफ की ओर ओली भी पड़े। एक-दो दिन तक तेज हवा के साथ हल्की और मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसके बाद फिर से मौसम शुष्क बना रहेगा। आने वाले दिनों में मौसम के तल्ख तेवर देखते हुए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर दी है।
कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि मौसम विशेषज्ञ डॉ. मंजीत कहते हैं कि एक-दो दिनों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ आंधी आने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस तरह का मौसम गुरुग्राम के अलावा मेवात, पलवल, फरीदाबाद जिलों और आसपास के इलाकों रहने की संभावना है।
दूसरी ओर आने वाले दिनों में भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही इससे होने वाली परेशानियां भी बढ़ गई हैं। लोगों को डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, चिड़चिड़ापन, हीट स्ट्रोक जैसी समस्या हो सकती हैं। इससे बचाव को लेकर हमें विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गर्म हवाएं व लू से शारीरिक तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे किसी व्यक्ति की मृत्यु भी हो सकती है। उपायुक्त ने कहा है कि धूप में काम करना ही है तो बचाव के लिए टोपी या छाते का उपयोग के साथ सिर, गर्दन व चेहरे पर नम कपड़ा जरूर रखें। घर के बने पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी, छाछ आदि का प्रयोग करें। पालतू जानवरों को छाए में रखें और उन्हें निरंतर पीने का पर्याप्त पानी देते रहें। घर का तापमान रहने के योग्य बना रहे, इसके लिए रात में घरों की खिड़कियां खुली रखें।
उपायुक्त ने सभी औद्योगिक संस्थानों से अपील करते हुए कहा कि सभी संस्थान अपने कार्यक्षेत्र पर ठंडा पेयजल उपलब्ध करवाएं। इसके साथ ही प्रयास करें कि श्रमिकों को प्रत्यक्ष सूर्य के समक्ष होने वाले कार्यों से बचाया जा सके। कार्यक्षेत्र पर गर्भवती मजदूरों का चिकित्सकीय परामर्श की स्थिति में अतिरिक्त ध्यान देना होगा।