ठंडी हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सुबह से ही मौसम थोड़ी-थोड़ी देर में बदलता रहा। सुबह से दोपहर तक कभी धूम आती तो कभी काले बादल आसमान में छा जाते। दोपहर तक लोग उमस से परेशान हो रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकी।
सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 26 सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश अधिक देर तक नहीं हुई, लेकिन ठंडी हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया। बाजारों और पार्कों में भी शाम के समय लोगों की आवाजाही बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय बनी हुई हैं। अगले हफ्ते तक आसमान में काले बादल बने रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक गुरुग्राम में 12 एमएम, वजीराबाद में 3 एमएम, बादशाहपुर में 1 एमएम और सोहना में 23 एमएम बारिश हुई।