स्वतंत्रता दिवस पर सोसाइटियों में दिखेगा देशभक्ति का रंग, बच्चों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस को लेकर मिलेनियम सिटी गुरुग्राम की आवासीय सोसाइटियों और सांस्कृतिक संस्थाओं में तैयारियां चरम पर हैं। इस बार राष्ट्रीय पर्व का जश्न केवल ध्वजारोहण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे सामाजिक और पर्यावरणीय संकल्पों से भी जोड़ा जा रहा है। शहर की विभिन्न सोसाइटियों में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा यात्रा और बच्चों की विशेष प्रस्तुतियों की रूपरेखा तैयार की गई है। इस वर्ष के आयोजनों में युवा पीढ़ी और बच्चों को मुख्य धारा में शामिल किया जा रहा है, जो फैंसी ड्रेस और नाटकों के जरिये देश के वीरो को नमन करेंगे। इसके साथ ही, कई संस्थाएं स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए विशेष अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित कर रही हैं।
जश्न की तैयारियां जोरो पर
सेक्टर-108 स्थित रहेजा वेदांता सोसाइटी में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सोसाइटी में ध्वजारोहण के साथ बच्चों के लिए देशभक्ति गीत, चित्रकला, भाषण और कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। -आलोक पांडेय, अध्यक्ष, सेक्टर 108 रहेजा वेदांता सोसाइटी
सिडको अरावली सोसाइटी में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां ध्वजारोहण के बाद बच्चों के लिए चित्रकला, देशभक्ति भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई जाएगी। देशभक्ति गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी। शशिपाल यादव, पूर्व आरडब्लूए प्रधान
ट्यूलिप सोसाइटी में ध्वजारोहण के बाद देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और कविता पाठ की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम के जरिये बच्चों को देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय पर्व के महत्व के बारे में जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।
- आरके जायसवाल, ट्यूलिप सोसाइटी, सेक्टर-69, बादशाहपुर