सेक्टर-50 स्थित लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल के बाहर प्रदर्शन करते अभिभावक।
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। हम अभिभावक हैं एटीएम नहीं...200 मिनट की ऑनलाइन क्लास की कीमत लाखों में नहीं हो सकती... जैसे नारों के साथ जिले के अभिभावकों ने शुक्रवार को फीस वृद्धि के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन निरवाना रोड स्थित लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल के सामने किया गया।
दरअसल, जिले के अधिकतर स्कूलों द्वारा कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर अतिरिक्त शुल्क की मांग की जा रही है। जहां 26 फरवरी को हुए प्रदर्शन के बाद स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों के साथ शुक्रवार को बैठक रखी थी। वहीं, जब अभिभावक स्कूल पहुंचे तो प्रबंधन ने उन्हें सोमवार को मिलने का समय दिया। ऐसे में अभिभावकों ने सुबह 9 बजे से प्रदर्शन किया और रोड जाम किया। ट्यूशन फीस और फीस वृद्धि के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते रहे। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पुलिस भी पहुंची। अभिभावकों ने आक्रोश में आकर स्कूल प्रबंधन, शिक्षा विभाग, हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्हें रोड से हटाते समय मौजूद महिला पुलिसकर्मियों से कई लोगाें की झड़प भी हुई। इससे पहले भी लोटस वैली स्कूल के बाहर अभिभावक तीन बार प्रदर्शन कर चुके हैं। शुक्रवार को हुए प्रदर्शन में अन्य स्कूलों के अभिभावक भी शामिल हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी बातचीत करेंगी।
यह तीन मांगें कर रहे अभिभावक
1-ऑनलाइन कक्षाओं के लिए सिर्फ ट्यूशन फीस ही मांगी जाए
2-आगामी सत्र में फीस वृद्धि नहीं की जाए
3-पेरेंट्स एसोसिएशन बनाई जाए।
मामला शिक्षा विभाग के संज्ञान में हैं। अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से बातचीत कर निदेशालय के आदेश और नियमानुसार ही निर्णय लिया जाएगा। सोमवार को दो बजे अभिभावकों के प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक होगी।
- इंदु बोकन, जिला शिक्षा अधिकारी