शनिवार रात से बंद थी आपूर्ति, सेक्टर-42 से 74 तक निवासियों को नहीं मिला पानी
बसई ट्रीटमेंट प्लांट के पास मुख्य लाइन में शनिवार रात लीकेज के कारण आई दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सोमवार दोपहर पेयजल की मुख्य लाइन की मरम्मत के बाद जलापूर्ति शुरू तो कर दी गई, मगर अभी कुछ जगहों पर पानी नहीं पहुंच पाया है। फिलहाल सेक्टर-51 के बूस्टिंग स्टेशन पर पानी को एकत्र किया जा रहा है, जिससे आगे के सेक्टरों में पानी पहुंचाया जा सके।
शनिवार को जीएमडीए की 1600 एमएम लाइन में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास लीकेज आने के कारण, सेक्टर-51 के बूस्टिंग स्टेशन से सेक्टर-42 से 74 तक पानी की आपूर्ति रोक दी गई थी। जीएमडीए ने रविवार शाम सूचना जारी की थी कि 1600 एमएम की मुख्य पाइप लाइन टूटने के कारण 12 से 14 घंटे पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। पाइप लाइन की मरम्मत में रविवार रात तक कर्मी लगे रहे। रात में पाइप लाइन दुरुस्त नहीं हो पाई।
पाइप लाइन की मरम्मत में जुटे जेई अनुज पहल ने बताया कि शनिवार को रात में पाइप में लीकेज आई थी। यह लाइन कंकरीट सड़क के नीचे थी। इसलिए पहले सड़क तोड़ी गई, मगर जिस जगह पानी बहता हुआ दिख रहा था वहां लीकेज नहीं था। दूसरी जगह जब सड़क तोड़ी गई तब जाकर लीकेज मिला। लीकेज का पता चलने के बाद रविवार की शाम मरम्मत का काम शुरू हुआ। सोमवार सुबह 11 बजे तक लीकेज की मरम्मत हो गई थी। इसके बाद चंदू के प्लांट से जलापूर्ति तो कर दी गई है। दोपहर तक सोसाइटियों में पानी पहुंच गया है मगर सेक्टर 51 के बूस्टिंग स्टेशन से जुड़े सेक्टरों में पानी पहुंचने में थोड़ा वक्त लगेगा।
उन्होंने बताया कि पहले सेक्टर-51 के बूस्टिंग स्टेशन में पानी जमा होगा। इसके बाद इसके बाद पानी की आपूर्ति हो पाएगी। सेक्टर -1 के बूस्टिंग स्टेशन से हाईवे के दूसरी ओर के सारे सेक्टरों में जलापूर्ति होती है। सेक्टर-56 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष हरीश यादव ने बताया कि पिछले तीन दिनों से सेक्टर में पानी की आपूर्ति नहीं हुई है। बसई प्लांट के पास लीकेज के अलावा सेक्टर के भीतर कई जगह पाइप लाइन लीकेज हैं। सेक्टर के भीतर की पाइप लाइन शीघ्र दुरुस्त की जाए।
सेक्टर-45 में शनिवार रात के बाद नहीं आया पानी
सेक्टर-45 के आरडब्ल्यूए महासचिव पुनीत पाहवा ने सेक्टर में किसी कार्यक्रम में आए विधायक सुधीर सिंगला से टैंकर भेजने की गुहार लगाई। पुनीत पाहवा ने बताया कि शनिवार रात 10 बजे के बाद से सेक्टर में जीएमडीए के नहरी पानी की आपूर्ति बंद है। सेक्टरों में पानी को जमा रखने की एक सीमा होती है। सेक्टर के करीब 50 लोग टैंकर मंगा चुके हैं। एक टैंकर मंगाने का 1500 रुपया खर्च आता है। पानी की आपूर्ति बंद हो जाना काफी खर्चीला भी है। पानी सोमवार शाम तक नहीं आ सका है।
पुरानी मोटरों को बदलने की मांग
सेक्टर-47 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष वीरेंद्र त्यागी ने बताया कि उनके सेक्टर में पाइप लाइन की मरम्मत के बाद से पानी आ गया है, मगर बूस्टर पंप के पास की मोटर दुरुस्त नहीं होने के कारण पानी टंकी में चढ़ाए जाने में समस्या आ रही है। सेक्टर-47 के बूस्टर पंप की दोनों मोटरें खराब होने के कारण अंडर ग्राउंड टैंक से पानी नहीं उठा पाती हैं। रविवार और सोमवार को सेक्टर के 80 प्रतिशत घरों में पानी उपलब्ध नहीं था। आरडब्ल्यूए ने नगर निगम से मांग की है कि बूस्टर पंप के पुरानी मोटरों को बदला जाए और के कुएं में एक मोटर डाली जाए ताकि आपात स्थिति में सबमर्सिबल के पानी की आपूर्ति की जा सके।
आईडीसी एरिया में पाइप लाइन में लीकेज
सेक्टर-14 स्थित इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉलोनी में पाइप लाइन में लीकेज के कारण सड़क पर पानी बह रहा था। इस इलाके में नहरी पानी की लाइन पिछले दिनों बिछाई गई थी मगर उसे मुख्य लाइन से नहीं जोड़ा गया है। जो यहां दो ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति होती है। ट्यूबवेल वाली पाइप लाइन में लीकेज के कारण सड़क पर पानी जमा हो रहा है। सोमवार को इस लीकेज की मरम्मत का कार्य जारी था।