सेक्टर 21, 55, 56, 57 में लोगों को हो रही परेशानी
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक ओर शहर में निर्बाध पानी की उपलब्धता के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं कि पाइप लाइन से 24 घंटे पानी उपलब्ध हो। वहीं दूसरी ओर शहर के अंतिम छोर पर स्थित सेक्टरों में नहरी पानी की लाइन से बहुत कम पानी पहुंच रहा है। सेक्टर 21, सेक्टर 55, 56, 57 में स्थित सुशांत लोक-2, 3 के निवासी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। पिछले रविवार को अतुल कटारिया चौक पर मुख्य पाइप लाइन टूटी थी। सोमवार तक मरम्मत कर दी गई मगर पानी की किल्लत बनी हुई है। बहुत सारे घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
सेक्टर 21 दिल्ली गुरुग्राम बार्डर पर है और शहर की पाइप लाइनों का अंतिम छोर है। सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रकाश लांबा कहते हैं कि हमारे यहां बहुत कम प्रेशर में पानी आता है। सेक्टर के हिस्सों के बमुश्किल 10-20 मिनट ही पानी रहता है। हमारी लाइन से सेक्टर 23 के बूस्टिंग स्टेशन का कनेक्शन कर दिया गया है। एक गांव का कनेक्शन और अनधिकृत कॉलोनियों ने भी पाइप लाइन से कनेक्शन जोड़ रखे हैं। इन सब वजहों से पानी पहले ही खत्म हो जाता है। ऐसे में कभी पाइप लाइन टूटने या लीकेज जैसी घटना होती है तो सबसे ज्यादा असर सेक्टर 21 पर पड़ता है, और इसका असर कई दिनों तक रहता है। सेक्टर के लोगों ने प्रशासन से स्वतंत्र पाइप लाइन की मांग की है।
अंतिम छोर पर होने का खामियाजा भुगत रहे लोग
सुशांंत लोक-2, 3 के लोग भी शहर के अंतिम छोर पर होने का खामियाजा भुगत रहे हैं। सेक्टर 51 के बूस्टिंग स्टेशन से इस इलाके में जीएमडीए की पाइप लाइन से नहरी पानी आता है। पूरी गर्मी इस इलाके तक पहुंचते- पहुंचते पानी का प्रेशर बहुत कम हो जाता है। नहरी पानी की कमी की पूर्ति के लिए पिछले दिनों इस इलाके में 4 सबमर्सिबल लगाए गए मगर उनमें से 3 को चालू नहीं किया जा सका है। एक को लोगों ने जुगाड़ से पाइप डालकर चला रखा है ताकि कुछ पानी मिल सके। सेक्टर की आरडब्ल्यूए महासचिव सुदक्षणा लाहा ने बताया कि हमारे यहां सबमर्सिबल भी नहीं चल पा रहे हैं। पानी की काफी दिक्कत हो रही है।
आरडी सिटी में पंप खराब
सेक्टर 52 स्थित आरडी सिटी में सबमर्सिबल का पंप खराब होने के कारण जलापूर्ति बाधित हो रही है। सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि हमारे यहां नहरी पानी पूरा नहीं आता। पानी की कमी को पूरा करने के लिए 4 सबमर्सिबल लगाए गए हैं। इनमें से एक का पंप पिछले 3 दिनों से खराब है। इससे जलापूर्ति बाधित हो रही है।
एस्टेयर गार्डन में 3 दिन से नहीं आ रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 70 ए स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन में पिछले 3 दिनों से जीएमडीए की पाइप लाइन से पानी नहीं आ रहा है।100 एकड़ की इस टाउनशिप में 580 परिवार रहते हैं। निवासियों ने जीएमडीए के अधिकारियों से जलापूर्ति की व्यवस्था सुचारु रूप से करने का अनुरोध किया है। सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष निहार रंजन ने बताया कि पिछले 3 दिनों से हमारे यहां पानी नहीं आ रहा है। हालांकि हम 3 दिन का बैकअप रखते हैं मगर अब वह भी खत्म हो गया है। सोसाइटी में सेक्टर 51 के बूस्टिंग स्टेशन से पानी आता है, यह पूरे इलाके के लिए पर्याप्त नहीं है। नए सेक्टरों के लिए सेक्टर 72 में बूस्टिंग स्टेशन तो बना है मगर यह चालू नहीं हो पाया है। सोसाइटी के 580 परिवारों के लिए रोजाना 5.2 लाख लीटर पानी की जरूरत होती है मगर आम दिनों में भी जीएमडीए बमुश्किल एक लाख या 96 हजार लीटर पानी दे पाता है। हम पहले से समस्या ग्रस्त हैं। अब 3 दिनों से यह जलापूर्ति भी ठप है।