गांव दोहला की टूटी हुई सड़क का दृश्य।
- फोटो : Gurgaon
सोहना। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 2016 में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा गोद लिए गए गांव दोहला में बल्लभगढ़, फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम तक जाने वाली यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इसके कारण आए दिन वाहन चालक दुर्घटना ग्रस्त हो रहे हैं। इस सड़क की मरम्मत कराने के लिए लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अफसरों से कई बार अनुरोध किया लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। कई बार लघु सचिवालय में भी शिकायत हो चुकी है।
पीडब्लूडी के एसडीओ सचिन कुमार ने कहा कि यहां पर उनकी नियुक्ति एक माह पहले ही हुई है। स्थिति देखने के बाद ही आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। वाहन चालक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि टूटी हुई सड़क पर आए दिन कोई न कोई वाहन चालक गड्डों में गिरकर हादसों का शिकार हो जाता है। पैदल निकलने वाले लोगों का भी इस मार्ग से निकलना दूभर हो गया है।
राशि होने के बाद भी नाले का निर्माण नहीं कराया
सरपंच बालकिशन और पंच पुष्पेंद्र का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। जबकि ग्राम पंचायत की तरफ से एक बार समाधान कराने की कोशिश भी की गई थी लेकिन पंचायत में फंड नही होने की वजह से यह समस्या आए रोज बढ़ती जा रही है। पीडब्लूडी के अधिकारियों ने सड़क मार्ग पर अवैध रूप से पानी छोड़ने वाले कुछ लोगों को नोटिस भी दिए थे। पंच पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी कार्यालय से यह जानकारी मिली है कि जिस समय सड़क का निर्माण किया गया था उस समय सड़क के साथ रिहाइशी एरिया में नाले का निर्माण कराना था जिसकी राशि भी विभाग द्वारा पंचायत के खाते में डाल दी गई थी। लेकिन मौके पर पानी निकासी के लिए नाले का निर्माण नहीं कराया गया है।