गुरुग्राम और चरखी दादरी की वारदातों का मास्टरमाइंड एक ही, उठा सवाल
रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ में हो सकेगा खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। चरखी दादरी स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन की शाखा से 2 मई को 6.600 किलो सोना और 14.2 लाख रुपये नकदी चोरी कराने वाले वाले विजय कुमार को वहां की पुलिस ने पांच दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद ही पता चल सकेगा कि गुरुग्राम के शीतला रोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन की शाखा में डकैती का मास्टरमाइंड भी विजय कुमार ही है। इन मामलों में चरखी दादरी और गुरुग्राम की पुलिस मास्टरमाइंड को तलाश रही थी।
विजय कुमार ने सोमवार को चरखी दादरी कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। ऐसे में गुरुग्राम पुलिस को भी उम्मीद है कि विजय की गिरफ्तारी से शीतला माता रोड पर मणप्पुरम गोल्ड लोन की शाखा की डकैती का मामला सुलझ सकता है। वहीं, चरखी दादरी एसपी ने बताया कि अब तक लगभग छह किलो सोना और नकदी बरामद की जा चुकी है।
रिमांड के दौरान चरखी दादरी की पुलिस आरोपी विजय कुमार से अन्य वारदातों के साथ ही गुरुग्राम में हुई डकैती को लेकर भी पूछताछ करेगी। अगर विजय कुमार गुुरुग्राम में डकैती का मास्टरमाइंड निकलता है तो मामला सुलझ जाएगा, नहीं तो गुरुग्राम पुलिस को मास्टरमाइंड तक पहुंचने की मशक्कत करनी होगी। चरखी दादरी पुलिस के अनुसार आरोपी विजय ने वहां पर मणप्पुरम गोल्ड लोन की शाखा में लूट की योजना बनाने के लिए टीम को तैयार किया था। देर रात 12.30 बजे के डुप्लीकेट चाबी से शाखा के सेफ हाऊस का ताला खोलकर 6.600 ग्राम सोना और 14.20 लाख रुपये नकदी चोरी करवाई थी। वहीं, गुरुग्राम के सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में शीतला माता रोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन की शाखा की डकैती का मामले में पुलिस ने चार आरोपी मोहन उर्फ मोहना, सन्नी उर्फ सुनील, राहुल उर्फ बेहरा और मनीष कुमार को गिरफ्तार किया था। इन चारों की निशानदेही पर पुलिस ने 863.37 ग्राम सोना बरामद किया है।
चरखी दादरी पुलिस द्वारा रिमांड पर लिया गया आरोपी विजय कुमार गुुरुग्राम में डकैती का मुख्य आरोपी निकलता है तो पुलिस उसको प्रोडक्शन रिमांड पर गुुरुग्राम लाएगी। गुरुग्राम पुलिस को विजय कुमार को अपनी हिरासत में लेने के लिए चरखी दादरी पुलिस की जांच पूरी होने का इंतजार है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि अभी चरखी दादरी में आरोपी विजय कुमार के गुरुग्राम की डकैती संबंधी कोई इनपुट सामने नहीं आए हैं। अगर वह गुरुग्राम में हुई डकैती का मास्टरमाइंड निकलता है तो विजय कुमार को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।