अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी में वाहन चालकों के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे अब स्टंटबाजी का स्पॉट बन चुका है। यहां पर लगातार चालकों द्वारा अपने वाहनों पर स्टंट करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में चलती कार से चालक आतिशबाजी करते हुए स्टंटबाजी कर रहा है। चलती कार चालक स्काईशॉट चलाता दिखा। वहीं, पीछे चल रही दूसरी कार से उसके साथ सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बना रहे हैं।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार को युवक द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार में चला रहा है। कार के जेड ब्लैक शीशे हैं। युवक शीशा नीचे कर एक हाथ से स्टेयरिंग संभाले हुए है जबकि दूसरे हाथ से स्काईशॉट चला रहा है। वीडियो में एक दूसरी गाड़ी का अगला हिस्सा भी दिखाई दे रहा है जिससे साफ है कि वीडियो बनाने के लिए दूसरा युवक गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकला है और इस स्टंटबाजी को अपने कैमरे में कैद कर रहा है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर कार के बारे में पता लगाया जा रहा है। चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।