80 फीसदी निर्माण कार्य पूरा, 900 करोड़ की लागत से किया जा रहा है तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे पर दिसंबर से वाहन सरपट दौड़ेंगे लगेंगे। लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से 46 किलोमीटर लंबे गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे का लगभग 80 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
वहीं गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे बनने के साथ ही पटौदी क्षेत्र के लोगों को आए दिन लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी। हाईवे बनने के साथ ही नारनौल जाने वाले वाहन चालकों को हाईवे से पटौदी-रेवाड़ी होते हुए नारनौल, अटेली, महेन्द्रगढ़, कुंड, खोरी व सतनाली जाना भी आसान होगा। फिलहाल नारनौल जाने के लिए नेशनल हाईवे-48 दिल्ली-जयपुर हाईवे ही एक मात्र विकल्प है। बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बाईपास के निर्माण के लिए नई समयसीमा साल 2023 तय की थी। निर्माण शुरू होने के बाद कई जगहों पर निर्माण में बाधाएं आईं । ऐसे में इसके निर्माण कार्य में देरी होती चली गई। एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने कहा कि दिसंबर-जनवरी में गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने बताया कि हाईवे दो सेक्शन में बन रहा है।