बिजली लाइन के उतारने के दौरान यातायात संचालन रहेगा प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बिजली लाइन हटाने को लेकर मंगलवार को 12 बार वाहन रोके जाएंगे। एनपीआर-सीपीआर जंक्शन के पास ओवरब्रिज पर सर्विस रोड व लिंक रोड पर बिजली लाइन हटाने संबंधी कार्य किया जाएगा। यहां पर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) द्वारा 400 के.वी. डी/सी दौलताबाद सेक्टर-72 लाइन के 12 कंडक्टर उतारे जाएंगे। इस कार्य को करने के लिए करीब पांच-पांच मिनट के लिए 12 बार वाहनों काे रोका जाएगा।
यह कार्य ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट क्षेत्र (एचएसआईआईडीसी) से 400 केवी लाइन के एक हिस्से को शिफ्ट/री-रूट करने के लिए किया जा रहा है। जोकि सीपीआर के ग्रीन बेल्ट और एनपीआर के पार 400 केवी दौलताबाद-सेक्टर-72 लाइन के मौजूदा आरओडब्ल्यू से होकर गुजरता है। द्वारका एक्सप्रेसवे पर वाहनों का संचालन प्रभावित होने को लेकर पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी की है।
यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि मंगलवार को ओवरब्रिज पर सर्विस रोड व लिंक रोड पर बिजली लाइन हटाने संबंधी कार्य होने से वाहनों का संचालन प्रभावित होगा। ऐसे में द्वारका एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले वाहन के चालकों को अतिरिक्त समय लेकर चलना होगा। असुविधा से बचने के लिए चालक किसी अन्य रास्ते से भी अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं।