नवरात्र से दिवाली तक 15 से 20 हजारों कारों की बिक्री की आस में हैं व्यवसायी
पूनम
गुरुग्राम। नवरात्रि के साथ शुभ कार्य भी शुरू होंगे। नवरात्र से दिवाली तक वाहनों की बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि की उम्मीद शहर के वाहन व्यवसायी कर रहे हैं। खास तौर पर जीएसटी में कमी आने से कारों की कीमतों में कमी आई है। हालांकि कारोबारियों का कहना है कि अगर प्रधानमंत्री थोड़ा और पहले जीएसटी को लेकर घोषणा करते तो शायद बिक्री में और ज्यादा इजाफा होता।
त्योहारों के सीजन में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री होने की उम्मीद है। नवरात्रि पर बिक्री पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में की गई जीएसटी कटौती से मारुति की कीमतों में काफी कमी आई है। आकर्षक फाइनेंस स्कीमों के मेल से उपभोक्ताओं की मांग में भी भारी उछाल के लिए माहौल तैयार कर दिया है। मोदी सरकार द्वारा कारों पर जीएसटी कम करने के हालिया फैसला ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए बड़ा प्रोत्साहन है। इसका सबसे बड़ा फायदा एंट्री लेवल कारों को मिला है। एस-प्रेसो जैसी कारों की कीमतों में 1.29 लाख तक की कटौती हुई है। इससे यह देश की सस्ती कारों में एक बन गई है। -चेतन अरोड़ा, सीईओ, प्रेम मोटर्स, विशेषज्ञ (ऑटोमोबाइल व्यवसाय)
प्रधानमंत्री ने जीएसटी को लेकर जो फैसला लिया है इसका फायदा मिलेगा। नवरात्रि से लेकर दिवाली तक उम्मीद है कि गुरुग्राम में 15 से 20 हजार कारों की बिक्री होगी। जीएसटी घटाने के लिए प्रधानमंत्री का बहुत धन्यवाद लेकिन वे यह कार्य थोड़ा और पहले करते तो त्योहारों पर बिक्री और अच्छी हो सकती थी। मार्केट में पेट्रोल और डीजल कारों की मांग भी ज्यादा है। गांव देहात के लोग यही पसंद कर रहे हैं और ईवी गाड़ियां पढ़े-लिखे लोगों की प्राथमिकता में शामिल है। -मनोज त्यागी, सीईओ, धींगरा मोटर्स (सेल्स और कॉरपोरेट)
मारुति ने जारी की कम हुई कीमतों की सूची
पिछले दिनों मारुति ने जीएसटी कम होने के बाद अपनी विभिन्न कारों की कीमतों में कमी की सूची जारी की है। इसमें शोरूम से पहले टैक्स, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस आदि के पूर्व कीमतों में कमी के बाद कारों की जो कीमतें होंगी, उसकी सूची जारी की है। ये दरें 22 सितंबर से लागू हो जाएंगी।
इसमें एस प्रेसो में 1.29 लाख, ऑल्टो के 10 में 1.07 लाख, सेलेरियो में 94 हजार, वैगन आर में 79 हजार, इग्निस में 71 हजार, स्विफ्ट में 84 हजार, बलेनो में 86 हजार, टुअर एस में 67 हजार, डिजायर में 87 हजार, फ्रॉक्स में 1.12 लाख, ब्रेजा में 1.12 लाख, ग्रैंड वितारा में 1.07 लाख, जिम्मी में 51 हजार, एरिटिगा में 46 हजार, एक्सएल 6 में 52 हजार, इनविक्टो में 61 हजार, ईको 68 हजार और सुपर कैरी में 52 हजार रुपये तक की कमी आने का दावा किया गया है।