धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि की जयंती, लोगों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नई बस्ती में वाल्मीकि समाज कल्याण सभा की ओर से महर्षि वाल्मीकि की जयंती धूमधाम से मनाई गई। वाल्मीकि प्रकटोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा के प्रमुख नवीन गोयल उपस्थित रहे। उन्होंने वाल्मीकि चौपाल के जीर्णोद्धार के लिए नींव भी रखी। यह कार्य 2.5 करोड़ रुपये की लागत से पूरा होगा। वाल्मीकि चौपाल के पुनर्निर्माण के लिए उनके प्रयासों के लिए संस्था के पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निवर्तमान मेयर मधु आजाद भी उपस्थित रहीं।
नवीन गोयल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, डॉ. सुधा यादव, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, अर्बन बॉडी मंत्री कमल गुप्ता, निगम अधिकारी वाईएस गुप्ता, निगम आयुक्त पीसी मीणा, पूर्व आयुक्त मुकेश आहूजा, एक्सईएन मनोज व रोहताश का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में सभी का पूर्ण सहयोग मिलता है। कार्यक्रम के अध्यक्ष राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि भगवान वाल्मीकि ने समाज को एक नई दिशा दी। उन्होंने रामायण महाकाव्य की रचना करके सर्व समाज को जीवन में नेकी, ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा दी। उनके इस महाकाव्य को भारत देश में ना केवल अपनाया गया, बल्कि उनकी शिक्षाओं पर चलते हुए सर्वसमाज तरक्की भी कर रहा है। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी सुल्तान सिंह चावरिया, कुलदीप सिंह, जुगेश कुमार, ईशू वाल्मीकि, राजकुमार, ज्ञानेश्वर सहित समाज के लोग मौजूद रहे।