गुरुग्राम। पटौदी के विधायक का दबाव बना तो स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण इलाकों में 45 से अधिक आयु के लोगों को आधार कार्ड के आधार पर वैक्सीन लगवाने की व्यवस्था करा दी है। इसी तरह की व्यवस्था सोहना, गुरुग्राम, मानेसर और बादशाहपुर के सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विधायकों ने 18 से अधिक आयु वाले सभी लोगों के लिए समान रूप से करने के लिए कहा है जिससे कि सभी कोरोना संक्रमण से सुरक्षित हो सकें। उनका कहना है कि पटौदी के साथ-साथ जिले के अन्य कस्बों और ग्रामीण इलाकों में भी इस व्यवस्था को लागू किया जाए। इस मामले को अमर उजाला में शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
पटौदी में कोरोना वैक्सीन लगवाने को लेकर 45 की आयु से ऊपर के लोगों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने में पिछले कई दिनों से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था लेकिन शनिवार को उन्हें आधार कार्ड के आधार पर वैक्सीन लगाई गई। शुरुआती दौर में लोगों को आधार कार्ड के आधार पर ही कोरोना वैक्सीन लग रही थी लेकिन कुछ दिन बाद ही यह सिस्टम बदलने के बाद लोगों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद ही कोरोना वैक्सीन लगाने जाने लगी, जिसमें लोगों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था लेकिन शनिवार को पटौदी के नागरिक अस्पताल, हेलीमंडी स्थित भगवान महावीर राजकीय नागरिक अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोडाकलां, मंदपुरा सहित कई जगहों पर 45 से ऊपर लोगों के वैक्सीन लगाने का कार्य सुबह से ही शुरू हो गया जिसके चलते लोगों में वैक्सीन लगवाने की होड़ लग गई।
18 से अधिक आयु के युवाओं का पंजीकरण नहीं हो रहा
कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए 18 से अधिक आयु के युवाओं के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहा है। बार-बार रजिस्ट्रेशन करने पर बुकिंग फुल दिखा रहा है। इस कारण अभी युवा रजिस्ट्रेशन न होने के अभाव में काफी परेशान हैं। लोकेश सैनी, तरुण वधवा, पवन वधवा, विश्वास कुमार, पूनम कुमार, उर्वशी, इशिका यादव का कहना है कि वैक्सीन न लगने के कारण दिक्कत हो रही है। युवाओं की मांग है कि सरकार आधार कार्ड के आधार पर उन्हें भी वैक्सीन लगाने का कार्य करे।