गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से वैक्सीन के टीकाकरण की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वीरेंद्र यादव ने शनिवार को जिले के निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने वैक्सीनेशन की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए। विभाग के मुताबिक टीकाकरण शुरू होने पर पहले दिन 161 बूथों पर टीकाकरण किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में टीकाकरण के लिए 181 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें से पहले दिन 161 बूथ पर लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर 100 लोगों को टीका लगाया जाएगा। इस तरह से पहले ही दिन 16 हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन का टीका लगा दिया जाएगा। सीएमओ ने आगामी तीन दिनों में टीकाकरण के लिए सारी तैयारियां पूरी करने का लक्ष्य तय किया है। हालांकि, अभी वैक्सीन आने की तिथि तय नहीं हो पाई है। वैक्सीनेशन के लिए जाने वाला स्टाफ अपने साथ कैरियर में वैक्सीन लेकर जाएगा। जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से उच्च स्तर पर 36 हजार स्वास्थ्यकर्मियों का डाटा भेजा गया है, जिसमें निजी अस्पतालों के 31 हजार स्वास्थ्यकर्मी व शासकीय अस्पतालों के 5 हजार स्वास्थ्यकर्मी शामिल होंगे। इसमें डॉक्टर, फार्मासिस्ट, पैरामेडिकल स्टाफ समेत सभी स्वास्थ्यकर्मियों का डाटा दिया गया है।
-------
भेजे गए आंकड़े के मुताबिक मिलेगी वैक्सीन :
उच्च स्तर पर भेजी गई स्वास्थ्यकर्मियों की सूची के मुताबिक ही स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन प्राप्त होगी। डिस्ट्रिक्ट वैक्सीन स्टोर व रीजनल वैक्सीन स्टोर में स्थित वॉ क।िंग कूलर में वैक्सीन को स्टोर किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन स्टोेरेज के लिए पर्याप्त व्यवस्था है। विभाग के मुताबिक 2 से ढाई लाख वैक्सीन को स्टोर किया जा सकता है।
-------
बनाए गए हैं 37 कोल्ड चेन पॉइंट्स :
जिले में संभवत: जनवरी मध्य तक वैक्सीन के पहुंचने की संभावना है। इसके स्टोरेज के लिए जिले में 37 कोल्ड चेन पॉइंट्स बनाए गए हैं। टीकाकरण करने वाली एक टीम में 5 सदस्य होंगे जिनमें चिकित्सक के साथ पुलिसकर्मी, होम गार्ड या सिविल डिफेंस कर्मी, एक वैक्सीनेटर व रिकॉर्ड रखने वाला सदस्य शामिल हैं। इस समय स्वास्थ्य विभाग के पास 286 वैक्सीनेटर हैं, जो टीकाकरण अभियान में हिस्सा लेंगे।