गुरुग्राम। जिले में रविवार को शासकीय केंद्रों पर टीकाकरण की प्रक्रिया स्थगित रही, जबकि निजी केंद्रों पर 3940 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। हालांकि, जानकारी के अभाव में रविवार को सुबह के समय लोग अपने-अपने इलाके के टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचे लेकिन जानकारी मिलते ही मायूस होकर जल्द ही वापस भी लौट गए।
जिले में रविवार को 18-44 आयु वर्ग में 2446 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें से 2140 ने पहली व 306 लोगों ने टीके की दूसरी डोज ली। वहीं, 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग में 1441 लोगों को टीका लगा। इसमें से 366 ने पहली व 1075 लोगों ने टीके की दूसरी डोज ली। रविवार को 13 स्वास्थ्यकर्मियों को भी टीका लगा। इसमें से सिर्फ 1 ने पहली व 12 स्वास्थ्यकर्मियों ने टीके की दूसरी डोज ली जबकि 40 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने टीका लगवाया। इसमें से 1 फ्रंटलाइन वर्कर ने पहली व 39 वर्कर्स ने टीके की दूसरी डोज ली। रविवार को टीकाकरण के लिए कुल 55 साइट्स बनाई गई थी। इसी के साथ जिले में अब कुल लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 1557966 पर पहुंच गई है।
दूसरी डोज की बढ़ेगी संख्या
जिला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग के निर्देशानुसार अब शासकीय केंद्रों पर कोरोना टीके की दूसरी डोज पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इसी के तहत अब पटौदी, सोहना व फर्रुखनगर समेत सभी ग्रामीण इलाकों के केंद्रों पर भी आगामी समय में दूसरी डोज की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं, पहली डोज का टीकाकरण भी नियमित रूप से चलता रहेगा।