Vaccination Campaign: 25005 people vaccinated
गुरुग्राम। कोरोना टीकाकरण के लिए सोमवार को जिले में महाअभियान चलाया गया, जिसके तहत एक दिन में ही अब तक के सबसे ज्यादा 25 हजार 5 लोगों को टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 10 हजार लोगों के टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा था, जबकि पिछले दिनों की तरह लक्ष्य से दोगुने से भी ज्यादा 25005 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई।
इसमें से शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर 20 हजार 22 व निजी अस्पतालों में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर 4983 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसके लिए जिले में 171 केंद्र बनाए गए थे। सोमवार को 60 साल से ऊपर के सबसे ज्यादा 17794 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं, पहले से बीमार 45-59 वर्ष के आयु वर्ग में 4132 लोगों को और 1068 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया। इसके साथ ही 2011 फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी सोमवार को टीका लगाया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने टीकाकरण की बढ़ती संख्या को कोरोना की रोकथाम के लिए अहम बताते हुए कहा कि अभी तो मंगलवार को भी महाअभियान के तहत टीकाकरण की प्रक्रिया चलेगी। ऐसे में लाभार्थियों का आंकड़ा 50 हजार तक पहुंचने की संभावना है।