- आईआईटी मुंबई की ओर से विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच को निखारा जाएगा
- सीबीएसई स्कूलों के छठी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी ले सकेेंगे प्रतियोगिता में हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आईआईटी मुंबई की ओर से विद्यार्थियों को बिजनेस प्लान की जानकारी देने के लिए प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। प्रतियोगिता केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) स्कूलों के छठी से 12वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 25 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विद्यार्थी https://www.ecell.in/eurekajunior23 वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। फरवरी-2024 तक कई चरणों में प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए किसी तरह की फीस अदा नहीं करनी होगी।
सरकार की ओर से कम उम्र में ही बच्चों को उद्यमिता के बारे में सिखाने और दिलचस्पी बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच व प्रतिभा है, लेकिन कई बार मंच न मिलने पर वो अपने आइडिया पेश नहीं कर पाते। विद्यार्थियों को ऐसा मंच प्रदान करने के लिए ही आईआईटी मुंबई की ओर से पहल की गई है। इस पहल से किताबी ज्ञान से सीखकर कुछ नया करने वाले विद्यार्थियों का आइडिया अब बिजनेस प्लान भी बन सकेगा। आईआईटी मुंबई के एंटरप्रेन्योरशिप सेल की ओर से आयोजित बिजनेस प्लान प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए कौशल विकास गतिविधियां, कार्यशाला, बूट कैंप और मेंटरिंग का भी आयोजन किया जाएगा। ताकि वे अपने इनोवेटिव आइडिया को और भी ज्यादा विकसित कर सकें। प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को स्किल्स सिखाई जाएंगी और समस्याओं को हल कैसे किया जाए, इसका भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के लिए दो वर्ग होंगे, जिसमें छठी से आठवीं कक्षा और नौवीं से बारहवीं कक्षा की श्रेणी रहेगी। इसी माह स्कूलों में कार्यशाला करवाई जाएगी। पंजीकरण के बाद होने वाली ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी आयोजित होगी। चुने जाने वाले विद्यार्थियों को ई-मेल के जरिए जानकारी भेजी जाएगी। तीसरे चरण में 50 दिनों का कौशल विकास कार्यक्रम होगा और विभिन्न गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों की एंटरप्रेन्योरियल कौशल को बेहतर किया जाएगा। प्रतियोगिता का बूटकैंप और अंतिम चरण ऑफलाइन होगा। चार दिवसीय बूट कैंप आईआईटी मुंबई में आयोजित किया जाएगा।
सेक्टर-10ए स्थित लायंस पब्लिक स्कूल के मैनेजर राजीव कुमार ने बताया कि बिजनेस प्लान प्रतियोगिता के लिए आवेदन करने के निर्देश आए हुए हैं। विद्यार्थियों व शिक्षकों को इसके बारे में जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थी अपने स्तर पर भी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं।