सोहना खंड शिक्षा विभाग ने 41 स्कूलों को नोटिस जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना खंड शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है। खंड के 41 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को नोटिस जारी करके विद्यार्थियों के दाखिले न करने को कहा गया है। दाखिले किए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं नोटिस जारी होने पर स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि सोहना खंड में गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की भरमार है। यह स्कूल अभिभावकों को सब्जबाग दिखाकर मोटा पैसा कमा रहे हैं। जबकि, ऐसे स्कूलों में सुविधाएं नाम मात्र हैं। हैरत की बात है कि कई स्कूल तो घरों में बने कमरों में ही संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे स्कूल हर वर्ष फीस व दाखिला फीस में वृद्धि कर लेते हैं। जिसके चलते विद्यार्थियों का भविष्य चौपट होने की संभावना है। वहीं उक्त स्कूलों पर नकेल कसने के लिए सोहना खंड शिक्षा विभाग ने 41 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को लिखित नोटिस जारी कर दिए हैं। उक्त स्कूल किसी भी बोर्ड से संबंधित नहीं हैं। जिसकी सूची विभाग को शिक्षा विभाग से प्राप्त हुई है।
सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस चस्पा
खंड शिक्षा विभाग ने अभिभावकों को गैर मान्यता प्राप्त स्कूल संचालकों के चंगुल से बचाने के लिए सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस चस्पा कर दिए हैं ताकि लोग ऐसे स्कूलों में अपने बच्चों का दाखिला न करा सकें। विभाग ने कस्बे के राजीव गांधी पार्क, शिव कुंड, गुरुद्वारा, तिकोना पार्क, बस स्टैंड के अलावा सभी किताबों की दुकानों पर भी नोटिस चस्पा किये हैं।
क्या कहती हैं अधिकारी
सोहना खंड शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी कहती हैं कि 41 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को नोटिस जारी किए गए हैं। अगर ऐसे स्कूल दाखिले करेंगे तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।