सेक्टर-102 स्थित लायन पब्लिक स्कूल में होगा कार्यक्रम, एमआरएफ परियोजना का होगा शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार 5 जून को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य व ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। समारोह में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन तथा हरित विकास से संबंधित विभिन्न पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-102 स्थित लायन पब्लिक स्कूल, धनकोट, खेड़की माजरा रोड में आयोजित होगा। इस अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम, नगारो और राहगिरी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्थापित किए जाने वाले मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा। यह परियोजना ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े हितधारकों की भागीदारी भी रहेगी। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी।