गुरुग्राम। जिलेभर में अनियंत्रित तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को कंपनी से काम खत्म करके लौटते समय एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। परिजनों द्वारा उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आईएमटी मानेसर सेक्टर-7 थाने में मामला दर्ज कराया है।
मूल रूप से यूपी के जिला कन्नौज के अंतर्गत छसिबरामऊ निवासी विनय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली की प्राइवेट कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड हैं। बड़ा भाई अजय तीन माह पूर्व आईएमटी मानेसर के सेक्टर-5 स्थित मार्क एग्जास्ट कंपनी में कार्य पर लगा था। अजय शनिवार को काम खत्म करके कंपनी के सुपरवाइजर रविंद्र के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह आईएमटी रोड पर मौजूद बासगांव तिराहे पर पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
ह्यअजय को घायल अवस्था में बांस गांव स्थित राठौर अस्पताल लेकर गये। जहां पर चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत होने पर सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल लेकर जाते वक्त अजय ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, मामले में जांच अधिकारी सत्यप्रकाश का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।