फर्रुखनगर। गांव हरिनगर डूमा के किसान उमेद सिंह गौड़ ने भारतीय वायुसेना की सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन-2026 में दूसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जानकारी के अनुसार, उमेद सिंह गौड़ ने एक माह पूर्व ही मैराथन में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित 10 किलोमीटर दौड़ में उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया। हालांकि, वे निर्धारित समय से कुछ ही सेकंड चूक गए, फिर भी उन्होंने सफलतापूर्वक दौड़ पूरी करते हुए दूसरा स्थान अपने नाम कर लिया और मेडल पाने में कामयाब हो गए। बता दें कि भारतीय वायुसेना के परमवीर चक्र विजेता फ्लाइट लेफ्टिनेंट निर्मलजीत सिंह सेखों की स्मृति में आयोजित इस मैराथन को वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने हरी झंडी दिखाई थी। संवाद