कई राउंड की दाखिला प्रक्रिया के बाद भी सीटें हैं खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। कॉलेजों में खाली पड़ी स्नातक और स्नातकोत्तर सीटों को भरने के लिए दाखिले की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। विद्यार्थियों के पास दाखिले के लिए अब केवल दो दिन का समय बचा है। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से दाखिले की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर निर्धारित की गई है। चार अक्तूबर को अवकाश होने के कारण 5 और 6 अक्तूबर को कॉलेजों में फिजिकल काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को खाली सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।
कॉलेज प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों से संपर्क कर उन्हें उपलब्ध पाठ्यक्रमों और खाली सीटों की जानकारी दी जा रही है। जिन विद्यार्थियों ने अब तक दाखिला नहीं लिया है, वे संबंधित कॉलेज में जाकर उपलब्ध सीटों की जानकारी ले सकते हैं। काउंसलिंग के दौरान दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र विद्यार्थियों की सीट आवंटित की जाएगी और फीस जमा कर दाखिला पूरा किया जा सकेगा।
जिले के कॉलेजों में स्नातक के साथ ही स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में भी कुछ सीटें खाली हैं। ऐसे में कॉलेज प्रबंधन की प्रयास है कि अंतिम चरण में अधिक से अधिक सीटों का भरा जा सकें। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम दिन का इंतजार न करें और पांच अक्तूबर से ही कॉलेज पहुंचकर दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर लें।
वर्जन
सेक्टर-9 राजकीय महाविद्यालय में यूजी में कुल 1250 सीटें हैं जिसमें से 200 सीटें खाली हैं। वहीं पीजी में कुल 500 सीटें हैं और 200 सीटें खाली हैं। -नीलम दहिया, सेक्टर-9 राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम
द्रोणाचार्या महाविद्यालय में 3120 सीटें हैं जिसमें से 2900 भर चुकी हैं। बीएससी इन फिजिकल साइंस में सीटें खाली हैं। बाकि सभी सीटों पर दाखिले पूरे हो चुके हैं। -मनीषा राणा, द्रोणाचार्या महाविद्यालय