-स्वास्थ्य विभाग के इस कदम से गर्भवती महिलाओं को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब जिले के निजी अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर भी गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड बिल्कुल निशुल्क किए जाएंगे। इसका पूरा खर्च स्वास्थ्य विभाग वहन करेगा।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 32 निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर इस योजना से जुड़े हुए हैं, जहां महिलाएं मुफ्त में जांच करा सकेंगी। मार्च 2026 तक करीब 60 हजार गर्भवती महिलाओं को इस सुविधा का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गर्भावस्था के दौरान अल्ट्रासाउंड बेहद जरूरी होता है। इससे गर्भ में पल रहे शिशु की स्थिति, विकास और किसी संभावित जन्म दोष की जानकारी समय रहते मिल जाती है। इसी उद्देश्य से महिलाओं को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान से जोड़ा जा रहा है, ताकि उनकी नियमित एएनसी जांच और समय पर अल्ट्रासाउंड सुनिश्चित हो सके।
सीनियर डॉक्टर विशाल सिंगला ने जिले की गर्भवती महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि हर महीने निर्धारित चार दिनों में सरकारी अस्पतालों में पीएमएसएमए कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जहां महिलाएं अपना स्वास्थ्य परीक्षण जरूर कराएं। उन्होंने बताया कि पहले सरकारी अस्पताल से ओपीडी कार्ड बनवाना होगा, इसके बाद किसी भी पंजीकृत निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जाकर मुफ्त अल्ट्रासाउंड कराया जा सकता है।