निजी अस्पतालों के प्रबंधन ने कहा, समय पर भुगतान न होना बढ़ा रहा आर्थिक दबाव
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। निजी अस्पतालों का कहना है कि अगर उन्हें 16 सितंबर तक आयुष्मान योजना के तहत क्लेम का भुगतान नहीं मिला तो इसके बाद सेवाएं बंद हो सकती हैं। इससे योजना के लाभार्थियों को निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा नहीं मिल पाएगी। 24 घंटे सेवाएं बंद रखने के बाद भी कई निजी अस्पतालों को अब तक क्लेम का भुगतान नहीं मिल सका है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के अनुसार, कई निजी अस्पतालों के क्लेम का भुगतान लंबे समय से लंबित है। अस्पतालों का कहना है कि समय पर भुगतान नहीं होने से उन पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
आईएमए के जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश कटारिया ने बताया कि जिले में करीब 30 निजी अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत सेवाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि लंबित क्लेम के भुगतान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो 16 सितंबर की रात 12 बजे से आयुष्मान सेवाएं पूरी तरह बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।