तीन की हालत गंभीर, अस्पताल में कराया भर्ती, पुलिस ने कार्रवाई शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। बिलासपुर थाना क्षेत्र के केएमपी टोल के निकट ट्रक की टक्कर से कंबाइन मशीन पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक सहित तीन घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में भिजवाने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के गुरदासपुर निवासी मोहकम ने बताया कि वह अपने फूफा हरजीत सिंह के साथ फसल कटाई के लिए कंबाइन मशीन लेकर पलवल आए थे। उनके साथ इंद्रजीत व राहुल भी थे। फसल कटाई के बाद वे केएमपी होते हुए वापस पंजाब जा रहे थे। रास्ते में टोल के निकट उन्होंने चाय पीने के लिए कंबाइन रोकी और ट्राली का डाला चेक करने लगे।
इसी दौरान पलवल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कंबाइन में सीधी टक्कर मार दी। इसमें हरजीत सिंह व इंद्रजीत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल मोहकम सिंह, राहुल व ट्रक चालक राजस्थान के झुंझनू निवासी महेंद्र को बिनोला के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को गुरुग्राम मोर्चरी में भेज दिया है।
कंपनी के काउंटर से 70 हजार चुराए
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। पटौदी थाना क्षेत्र में कंपनी के काउंटर से 70 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। कंपनी संचालक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पटौदी के जनौला निवासी विजय यादव ने कहा कि उन्होंने एक किसान पाइप फैक्टरी खोल रखी है। गत शाम वे कंपनी के ऑफिस में बैठे थे। इसी दौरान किसी काम के चलते वे मशीन पर चले गए। इस दौरान किसी ने उनके काउंटर से 70 रुपये चोरी कर लिए।