- अज्ञात कार चालक के खिलाफ सुशांतलोक थाने में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सुशांतलोक थाना क्षेत्र में सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस के पास 24 अगस्त की रात कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल रोहन की हालत गंभीर होने के कारण वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर है। वहीं, दूसरे घायल विकास सिंह का उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। रोहन के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दिल्ली के विकास नगर निवासी राजेश मैस्सी ने पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर-52 वजीराबाद में रहते हैं और सेक्टर-53 स्थित सेंट्रल प्लाजा मॉल में सिक्योरिटी गार्ड हैं। 24 अगस्त की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच उनका बेटा रोहन (25) दोस्त विकास सिंह के साथ बाइक से जा रहा था। अपैरल हाउस के पास एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए और रोहन कार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद कार चालक दोनों घायलों को निजी अस्पताल लेकर गया और भर्ती कराने के बाद अपनी पूरी जानकारी दिए बिना वहां से चला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोट-
घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार की पहचान कर ली गई है। जल्द ही चालक को जांच में शामिल कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। -संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता