आरोपियों को नशीला पदार्थ उपलब्ध कराने वाला भी धरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने नाहरपुर गांव से दो युवकों को 4.500 किलो गांजे सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मानेसर थाने में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की। आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के रविदास मोहल्ला निवासी नरेंद्र उर्फ टिल्लू और झज्जर के दुल्हेड़ा गांव निवासी कर्मजीत उर्फ कैंडी के रूप में हुई।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गांजा एक युवक से 50 हजार रुपये में खरीदा था और मुनाफा कमाने के लिए छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने वाले थे। अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गांजा उपलब्ध कराने वाले युवक को भी गुरुग्राम से पकड़ लिया। आरोपी की पहचान बानसूर (राजस्थान) के उच्चानपुर गांव निवासी गजेंद्र उर्फ गज्जू के रूप में हुई है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि नरेंद्र उर्फ टिल्लू पर शस्त्र अधिनियम, एक्साइज एक्ट व हत्या करने के तहत तीन मामले गुरुग्राम में दर्ज हैं। कर्मजीत पर जान से मारने का प्रयास के तहत एक मामला पलवल में व मारपीट करने, हत्या करने के तहत दो मामले गुरुग्राम में दर्ज हैं। गजेंद्र उर्फ गज्जू पर हत्या करने के प्रयास के तहत एक मामला रेवाड़ी में व डकैती करने के तहत एक मामला गुरुग्राम में पहले भी दर्ज है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी कर्मजीत व नरेंद्र को रविवार को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी गजेंद्र उर्फ गज्जू को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। गजेंद्र को 23 सितंबर को अदालत में फिर से पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।