नगर निगम ने ओल्ड दिल्ली रोड और सरहौल में की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम ने मंगलवार को जोन-2 क्षेत्र में ओल्ड दिल्ली रोड और गांव सरहौल में अवैध रूप से संचालित की जा रहीं दो दुकानों और एक जिम को सील किया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विंडो के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई।
मंगलवार को सहायक अभियंता संजोग शर्मा व अवर अभियंता राहुल शर्मा पुलिस बल व प्रवर्तन टीम के अन्य सदस्यों के साथ ओल्ड दिल्ली रोड पर पहुंचे। यहां पर नगर निगम की जमीन पर अवैध दुकान चलाई जा रही थी। निगम द्वारा इसे सील किया गया। टीम ने गांव सरहौल में अवैध रूप से चल रही एक मीट शॉप तथा जिम को भी सील किया।
इनके संबंध में मुख्यमंत्री विंडो पर शिकायत की गई थी कि आवासीय क्षेत्र में बिना अनुमति के अवैध रूप से मीट शॉप और जिम का संचालन किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। नगर निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मुक्त कराई गई जमीन पर अगर फिर से कब्जा किया तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।