सूचना पर अलर्ट हुई पुलिस
अपराध शाखा सेक्टर-39 की पुलिस को शनिवार की रात को सूत्रों से सूचना मिली कि पंजाब में हत्या करने के मामलों में वांछित दो बदमाश बाइक पर सवार होकर गोल्फ कोर्स 200 फूटा रोड पर आएंगे। वे यहां पर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस बारे में अपराध शाखा सेक्टर-39 के प्रभारी मोहित कुमार ने इस बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और अपराध शाखा सेक्टर-40 के प्रभारी ललित को सूचना दी। इसके बाद अपराध शाखा सेक्टर-39 व सेक्टर-40 की पुलिस टीमें सभी सुरक्षा उपकरणों सहित गोल्फ कोर्स एक्सटेंसटन रोड पहुंचीं।
आरोपियों ने पुलिस पर किया फायर
सूचना में बताई गई बाइक को ढूंढना शुरू किया तो पुलिस टीम को उमरीपुर गांव रोड के पास एक बाइक आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने चालक को बाइक रोकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देखकर बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक मौके से भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने बाइक का पीछा किया गया तो पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर एक फायर किया। इसके बाद पुलिस से बचने के लिए युवक बाइक को तेज गति से भगाने लगे तो बाइक का असंतुलित होकर गिर गई। बाइक गिरते ही दोनों युवक अलग-अलग दिशा में भागने लगे तो पुलिस टीम ने हवाई फायर करते हुए दोनों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। दोनों युवकों ने पुलिस पर फायर करना शुरू कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल
इस दौरान एक गोली सहायक उपनिरीक्षक अभिलाष की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी लगी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में फायर किए तो दोनों आरोपियों के पैर में 1-1 गोली लगी और वे घायल होकर गिर गए। पुलिसकर्मियों नेे दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने एफएसएल व सीन ऑफ क्राइम की टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। आरोपियों द्वारा सरकारी कार्य मे बाधा डालने और पुलिस पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने पर उनके खिलाफ सेक्टर-65 थाने में बीएनएस व शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो पिस्टल, दो कारतूस एक बाइक बरामद की है। वहीं, घटनास्थल से 11 खाली खोल कारतूस (सात आरोपियों की आरे से और चार पुलिस की ओर से फायर किए गए) बरामद किए हैं।
बदमाशों की पहचान
अपराध शाखा सेक्टर-39 व सेक्टर-40 की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए दोनों बदमाश पंजाब के अमृतसर के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान अमृतसर की मिलाप कॉलोनी निवासी सुमित शर्मा (21 वर्ष) और साहदोवाल निवासी सुखमनजीत (19 वर्ष) के रूप में हुई है। गोली लगने से घायल हुए दोनों बदमाशों को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुमित शर्मा ने 10वीं कक्षा तक और सुखमनजीत ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है।
बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी सुमित अगस्त 2025 में पंजाब के अमृतसर में हत्या के मामले में वांछित अपराधी है। वहीं, आरोपी सुखमनजीत वर्ष 2022 में अमृतसर के महतो गांव में हत्या करने के मामले में भगोड़ा अपराधी है। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि आरोपी सुमित पर हत्या करने, हत्या का प्रयास करने जान से मारने की धमकी देने व शस्त्र अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी सुखमनजीत पर हत्या करने के तहत एक मामला पंजाब में पहले भी दर्ज है।