संवाद न्यूज एजेंसी
साेहना। नगर परिषद सोहना द्वारा कस्बे की दो सड़कें मॉडल सड़कों के तौर पर बनाई जाएंगी। नगर परिषद ने खाका तैयार कर लिया है। यह माॅडल सड़कें रात्रि के समय रोशनी से भी जगमग होंगी। दोनों सड़कों पर परिषद लगभग 6.50 करोड़ रुपये खर्च करेगी। परिषद के अधिकारियों ने ऐसी सड़कों के निर्माण की व्यापक रिपोर्ट तैयार कर ली है, जिसकी मंजूरी मिलने पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सोहना नगर परिषद कस्बे की सड़कों की कायापलट करने में जुट गया है। विभाग दो सड़कों को मॉडल सड़क बनाएगा, जिसमें चुंगी नंबर-1 से राजीव गांधी पार्क तक और मेन रोड हाईवे से बालूदा रोड सिंहराम विहार तक शामिल हैं। उक्त सड़कों पर साइकिल ट्रैक, फुटपाथ, ड्रेन रिपेयर, हेरिटेज लाइट आदि का कार्य कराया जाएगा। नगर परिषद के जेई दिगंबर सिंह ने बताया कि योजना का प्रारूप तैयार कर लिया गया है। जिसकी मंजूरी मिलने पर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।