मरम्मत का काम कर रहे ठेकेदार और मालिक घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सुशांत लोक-3 के बी-1 ब्लाॅक में छज्जा गिरने से दो लोग घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुशांत लोक-3 के बी-1 ब्लाॅक में रविवार को मकान नंबर 52 में दूसरी मंजिल का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। मलबा पहली मंजिल के छज्जे पर गिरा और फिर पहली मंजिल का छज्जा भी टूट कर ग्राउंड फ्लोर पर जा गिरा। इसके बाद ग्राउंड फ्लोर के आगे निकला छोटा छज्जा भी टूट गया। देखते ही देखते मकान की तीनों मंजिलों के छज्जे एक के बाद एक भरभराकर नीचे गिर गए। हादसे में मकान मालिक कन्हैया यादव और मरम्मत का काम करने आया ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गए।
बता दें कि सुशांत लोक-3 के बी-1 ब्लॉक में पुराने मकान बने हुए हैं। मकान नंबर 52 की दूसरी मंजिल की बालकनी के छज्जे में पिछले कुछ समय से दरारें आ रही थीं। इसे देखते हुए मकान मालिक ने मरम्मत के लिए निजी ठेकेदार को बुलाया था। इसी दौरान अचानक छज्जा टूट कर नीचे गिर गया और दोनों मलबे की चपेट में आ गए। सुशांत लोक-3 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष पवन यादव ने इस घटना के प्रति प्रशासन से गंभीर होने की मांग की है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी इसी तरह एक घटना हुई थी। जिस मकान का छज्जा गिरा है, यह करीब 20 साल पुराना है। गुरुग्राम के पुराने बिल्डर फ्लोर पर प्रशासन को ध्यान देना होगा।