गुरुग्राम। सेक्टर-37 थाना क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने घायलों के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहनों की पहचान कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पहले मामले में नरसिंहपुर निवासी मोनी ने बताया कि 5 जुलाई को वह अपने 11 वर्षीय बेटे विवान सिंह के साथ मानेसर से नरसिंहपुर आ रही थीं। ऑटो से उतरने के बाद दोनों पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने विवान को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहीं, दूसरे मामले में राजस्थान के अलवर निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। 8 जुलाई की रात करीब 10:15 बजे वह बाइक से सेक्टर-15 से खेड़कीदौला स्थित अपने कमरे पर जा रहे थे। नरसिंहपुर गांव के पास तेज रफ्तार बलेनो कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नरेश के बाएं पैर में चोट आई। राहगीरों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहनों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता