ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, राहगीर को कार ने उड़ाया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में हुए अलग-अलग हादसों मेंं दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए हैं।
बिलासपुर थाना क्षेत्र में बीते सोमवार की देर शाम ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार बिलासपुर गांव निवासी रवि कुमार ट्रक के टायर के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं, भोंडसी थाना क्षेत्र में बीते सोमवार की देर शाम सड़क पार कर रहे एक युवक को कार ने टक्कर मार दी। घायल को उपचार के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी रूपंचद के रूप में हुई है। वह निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस ने मृतक रूपचंद के साथी की शिकायत पर कार चालक केे खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी संत कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को मामले की सूचना दे दी है। दुर्घटनास्थल पर कार खड़ी थी। कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।
कंपनी में युवक के सिर में लगा ब्लेड, मौत
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना अंतर्गत एक निजी कंपनी में काम कर रहे युवक के सिर में मशीन का ब्लेड लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी दारा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। जांच अधिकारी सतपाल ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है। परिवार वालों के बयान दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जाएगी और शव का पोस्टमार्टम हो सकेगा।